दो दिन पहले बाह के सिलपौली गांव में आटा मांगने के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। विरोध पर मां-बेटे को लाठी और कुल्हाड़ी से मारा पीटा। इस दौरान बच्चियों ने चारपाई के नीचे छुपकर जान बचाई। बदमाशों के कहर का शिकार हुए परिवार के लोग दो दिन तक घर में पडे़ कराहते रहे लेकिन रविवार को उन्हें इलाज नसीब हुआ।
सिलपौली गांव में रामभरोसी का घर आबादी से लगभग 100 गज दूर है। दो दिन पहले 10-11 बदमाश उनके घर पहुंचे। आटा मांगने के बहाने दरवाजा खुलवाया और घर में घुसते ही लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर रामभरोसी की पत्नी सुखदेवी, उनके पुत्र योगेश कुमार को बेरहमी से पीटा। सुख देवी की नातिन रेशमा (8), कामिनी (6) को भी पीटा। डर के मारे दोनों ने चारपाई के नीचे छिपकर जान बचाई। पिटाई से सुख देवी और योगेश गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उनके घर से 10 हजार रुपये, कानों के कुंडल, नाक की लौंग, पाजेब आदि सामान लूट ले गये। वारदात के शिकार परिवार के लोग दो दिन तक घर में ही पड़े कराहते रहे। रविवार को ग्रामीणों को जानकारी होने पर उनका इलाज कराया। घटना की सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने मामले की छानबीन की है।
घटना- दो
चौरंगाहार में दो किसानों को बदमाशों ने बैठाया, ग्रामीणों की घेराबंदी पर भागे
बाह।
शनिवार की रात्रि बाह के चौरंगाहार गांव में फसल की रखवाली को गये दो युवक किसानों को सात सदस्यीय बदमाश गिरोह ने बाजरा के खेत में बैठा लिया। जानकारी पर ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी की तो बदमाश युवकों को छोड़कर भाग गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग की।
बाह के चौरंगाहार गांव के राजू और दिलीप गांव के अन्य लोगों के साथ शनिवार की रात्रि जानवरों से फसल की रखवाली के लिए खेतों पर गये थे। इनमें से राजू और दिलीप को बदमाश गिरोह ने बाजरा के खत में खींच लिया। दोनों को खेत में बैठाने पर रखवाली को गये दूसरे युवकों ने गांव आकर घटना की जानकारी दी। तब एकजुट हुए ग्रामीणों ने बाजरा के खेत घेराव किया। युवकों की तलाश करने पर बदमाश दोनों युवकों को छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की पर कोई नहीं मिला। बता दें कि दो दिन पहले भी चौरंगाहार में एक युवक को बदमाश गिरोह ने दौड़ा लिया था। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त की मांग की है।
घटना- तीन
ताल गांव में डेयरी पर बदमाशों का धावा, फायरिंग
ग्रामीणों की जवाबी फायरिंग भागे, पुलिस भी मौके पर पहुंची
बाह।
शनिवार की रात्रि बाह के ताल गांव में दूध की डेयरी पर बदमाश गिरोह ने धावा बोल दिया। अचानक हुई फायरिंग के जवाब में डेयरी पर तैनात गार्ड ने फायरिंग की और ग्रामीणों ने घेराव किया तो बदमाश मौके से भाग गए। ताल गांव में अरविंद्र चतुर्वेदी की डेयरी है। वहां प्रेमरतन शर्मा गार्ड के रूप में तैनात हैं। शनिवार की रात्रि 6-7 बदमाशों ने डेयरी पर धावा बोल दिया। गार्ड प्रेम रतन शर्मा को टारगेट करते हुए फायरिंग की। जवाब में उन्होंने भी फायरिंग की। वहीं अरविन्द्र चतुर्वेदी ने गांव के साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों ने फायरिंग करते हुए गिरोह को घेरा तो बदमाशों के पैर उखड़ गये। वे खेतों से होकर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। ग्रामीणों ने बताया कि तीन चार दिन से यह गिरोह सक्रिय है।
घटना- चार
मैक्स चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मैक्स पेड़ से टकराई
पिनाहट। शनिवार रात को दूध वाली मैक्स गाड़ी को बदमाशों ने रुकवाने का प्रयास किया। चालक के गाड़ी नहीं रोकने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस पर चालक का गाड़ी से नियंत्रण हट गया और गाड़ी बबूल के पेड़ से जा टकराई।
गांव लड़उआपुरा निवासी विनोद गुर्जर की मैक्स गाड़ी चिलिंग प्लांट का दूध गांवों से उठाकर ले जाती है। शनिवार रात चालक विनोद अपने साथी टौटा के साथ बासौनी के ट्यूबवेल पुरा मार्ग से भदरौली के लिए जा रहा था। तभी ट्यूबवेल पुरा के आगे चार बदमाशों ने गाड़ी को रुकवाने का प्रयास किया। चालक ने गाड़ी को भगा दिया। आगे मोड़ पर छह और बदमाश मिले। उन्होंने गाड़ी पर फायरिंग कर दी। चालक का नियंत्रण खोने के कारण गाड़ी सड़क किनारे खडे़ बबूल के पेड़ से जा टकराई। इससे दोनों घायल हो गए। वहीं, बदमाश मौके से भाग गए। जानकारी होने पर आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सूचना बासौनी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए गश्त की मांग की है।
घटना- पांच
अछनेरा में ग्रामीणों ने बदमाशों को खदेड़ा
अछनेरा। अछनेरा के गांव कचोरा में शनिवार रात लगभग बारह बजे हाकिम सिंह के घर बदमाशों ने दीवार फांदकर घुसने का प्रयास किया। तभी इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में ग्रामीणों ने भी एकजुट होकर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर बदमाश मौके से भाग निकले। तभी ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इलाके में कांबिंग की लेकिन कोई नहीं मिला। बता दें कि यहां पुलिस ने गांव के लोगों को बदमाशों के प्रति पहले ही सक्रिय कर दिया था। इसके चलते लोग चौकन्ने थे। भाजपा नेता डा. नेम सिंह, डा. केएस चाहर ने अरदाया, छह पोखर, सांधन, अर्रूआ खास, मई, बस्तई, नानऊ, जनूथा आदि में पुलिस गश्त कराने की मांग की है।