लोहामंडी के पुनियापाड़ा में इलाहाबाद बैंक के मैनेजर शील कुमार ने रविवार रात को विषाक्त खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर लोहामंडी का कहना है कि मैनेजर ने आत्महत्या की है। इसका कारण पता किया जा रहा है। परिवारीजन अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
पुनियापाड़ा निवासी शील कुमार (33) पुत्र संतोष कुमार इलाहाबाद बैंक के जोनल आफिस में तैनात थे। पिता संतोष कुमार साख्यिकी विभाग से रिटायर्ड हुए हैं। शील की दो बहनें हैं। एक पटना तो दूसरी बदायूं में रहती हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि शील कुमार रविवार रात को भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। वह काफी परेशान थे। इस पर पिता ने पूछा तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। देर रात तकरीबन तीन बजे शील की हालत बिगड़ गई। परिवारीजनों को पता चला तो उन्होंने उसे देहली गेट स्थिति पुष्पांजलि हास्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान शील कुमार की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवारीजनों का कहना है कि शील दो दिन से आफिस में नहीं गया था। वह किसी बात को लेकर परेशान था। उसकी शादी भी नहीं हुई थी। वहीं इंस्पेक्टर लोहामंडी ने बताया कि पिता ने लिखकर दिया है कि बेटे ने कुछ खा लिया, जिससे उसकी मौत हुई। आत्महत्या का कारण नहीं बताया है।