फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा विधायक छोटे लाल वर्मा पर कानपुर देहात में सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे जानलेवा हमला किया गया। वह अपनी स्कार्पियो गाड़ी से लखनऊ से कानपुर के रास्ते आगरा लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पहले गाड़ी पर पथराव किया। फिर तीन-चार गोलियां चलाईं। वे बाल-बाल बचे। उनके सुरक्षाकर्मियों ने फायर किए तब हमलावर भागे।
छोटे लाल वर्मा ने बताया कि एक मीटिंग में भाग लेकर वह पौने पांच बजे आगरा के लिए निकले थे। एनएच-2 पर कानपुर देहात में थाना डेरा के पास सड़क पर तीन युवक खड़े थे। उनके पास कोई वाहन नहीं था। गाड़ी देखते ही वे पत्थर फेंकने लगे जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। उनके गनर भूपेंद्र ने दो और दिनेश ने एक गोली चलाई तो वे पैदल ही भाग गए। विधायक ने बताया कि वह सामने आने पर हमलावरों को पहचान लेंगे हालांकि उन्हें जानते नहीं हैं। इसीलिए हमले का कारण भी अबूझ है। उधर कानुपर देहात में एडिशनल एसपी ऋषिपाल सिंह ने घटनास्थल पर पूछताछ के हवाले से सिर्फ पत्थर फेंके जाने और और गनर द्वारा भी सिर्फ एक गोली चलाए जाने की बात कही है।
विधायक ने बताया कि थाना डेरा में केस दर्ज करा दिया गया है। उनकी सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची लेकिन हमलावर हाथ नहीं आए। बता दें, छोटे लाल बसपा के टिकट पर जीते थे लेकिन अर्से से सपा में सक्रिय हैं। फिर भी न उन्होंने बसपा छोड़ी और न ही बसपा ने उन्हें निकाला।