गोविंदनगर के मटियागेट पर शनिवार को कार से टकराकर बच्चा घायल हो गया। गुस्साए परिजनों ने पत्थर फेंककर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में संघर्ष के हालत पैदा होते ही गोविंदनगर पुलिस भी पहुंच गई। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।
थाना गोविंदनगर की नई बस्ती निवासी इलियास पुत्र फैजान कार से घर जा रहा था। मटियागेट के समीप कार से बच्चा टकराकर घायल हो गया। बच्चे के घायल होने से गुस्साए परिजनों और समर्थकों ने कार पर पथराव कर डाला।
कार चालक युवक ने भी अपने परिजनों को बुला लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से पहले ही गोविंदनगर पुलिस भी पहुंच गई। दोनों पक्षों के मध्य पुलिस ने मामला शांत कराया। बच्चे को अस्पताल भिजवाया गया। एसएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। दोनों पक्षों से कोई तहरीर नहीं आई है।