आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। मतगणना के दौरान उन्होंने सभी 14 टेबलों पर बढ़त बनाए रखी। डॉ. आकाश अग्रवाल को प्रथम वरीयता के 6,671 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को 3,994 वोट प्राप्त हुए।
शिक्षक खंड निर्वाचन की मतगणना के अधिकृत आंकड़े आरओ ने बुधवार को जारी नहीं किए लेकिन प्रत्याशियों के चार्ट के अनुसार समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल हर राउंड आगे रहे। प्रतिद्वंद्वियों पर उनकी बढ़त बड़ी होती चली गई।
विज्ञापन
कुल 14 टेबलों की गणना के बाद सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल को 6,671 प्रथम वरीयता वोट मिले हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के हरि किशोर तिवारी को केवल 3,994 वोट ही हासिल हो सके। प्रथम वरीयता मतों में सपा प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी पर 2,677 वोटों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती के बाद जीत का आंकड़ा 4000 के पार पहुंच गया।
डॉ. आकाश अग्रवाल ने टेबल नंबर 1 से लेकर टेबल नंबर 14 तक अपना दबदबा बनाए रखा। किसी भी टेबल पर भाजपा प्रत्याशी उन्हें पछाड़ने में कामयाब नहीं हो सके। सपा प्रत्याशी को टेबल 1 पर 505 वोट और टेबल 10 पर 498 वोट पर सबसे अधिक मत मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को टेबल 5 पर 335 वोट और टेबल 8 पर 334 वोट पर बेहतर समर्थन मिला लेकिन वह बढ़त में तब्दील नहीं हो सका।
विज्ञापन
निर्दलीय प्रत्याशियों में रणविजय यादव ने 490 मत पाकर निर्दलीयों में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद दिलीप कुमार असौलिया 461 मतों के साथ दूसरे और डॉ. जगवीर सिंह 396 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अन्य निर्दलीय उम्मीदवार दहाई और इकाई के आंकड़ों में ही सिमट कर रह गए।