वाराणसी के एक युवक ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर फेक प्रोफाइल बनाकर आगरा की एक महिला को अपने झांसे में ले लिया। उससे शादी का वादा करता रहा। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि युवक ने अप्राकृतिक कृत्य भी किया।
महिला का कहना है कि इसके बाद शादी के लिए युवक ने दहेज में 50 लाख रुपये मांगे। इनकार करने पर उसकी अश्लील वीडियो और फोटो इंटरनेट पर डालने की धमकी दी।
महिला न्यू आगरा क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस से की शिकायत में उसने बताया कि उसका पति से कई साल पहले तलाक हो गया था। दूसरी शादी के लिए उसने एक शादी कराने वाली वेबसाइट पर पंजीकरण कराया। वेबसाइट के माध्यम से उसकी बातचीत वाराणसी के चितरईपुर स्थित इंद्रा नगर निवासी चंचल रस्तोगी से हुई थी।
दोनों ने एक दूसरे की प्रोफाइल चेक की। चंचल ने खुद को एक कंपनी में डायमंड के पद पर कार्यरत बताया। सैलरी एक लाख रुपये महीना कहा। 12 जून को वह आगरा आया और फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टियार्ड मैरियट में रुका। यहां महिला के परिवारीजनों से मुलाकात की। महिला के परिवारीजनों को चंचल पंसद आ गया। चंचल भी महिला से शादी के लिए तैयार हो गया।
अगले दिन बुलाया होटल में
महिला का आरोप है कि चंचल ने 13 जून को उसे होटल में बुलाया। उससे शादी का झांसा देकर तीन दिन उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद 27 जून को फोन करके उसे वाराणसी बुला लिया। अपने घरवालों से मिलवाने के बाद एक होटल में उसे रोका।
यहां उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया। इस दौरान मोबाइल से फोटो और वीडियो बना लिए। होटल में तीन दिन तक उसे रोके रखा। 30 जून को वह आगरा आ गई। एक दिन फोन करके चंचल रस्तोगी ने 50 लाख रुपये दहेज की मांग की। महिला ने मना किया तो शादी करने से इनकार किया।
वेबसाइट पर फेक प्रोफाइल
पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने महिला की अश्लील वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी दी है। पीड़िता ने थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना ताजगंज पुलिस का कहना है कि एक टीम बनाकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वाराणसी भेजी जाएगी।
महिला का आरोप है कि वेबसाइट पर बनी चंचल रस्तोगी प्रोफाइल फेक है, जिससे वह कई लड़कियों को अपने जाल में फंसा चुका है। उसकी दो पत्नी पहले से हैं। एक पत्नी ने मुंबई में केस भी दर्ज कर रखा है।