गांव के ही चार लोगों पर आरोप, नामजद रिपोर्ट दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
इरादनगर के गाव छत्तापुर में सोमवार दोपहर केदार सिंह की पत्नी शीला देवी ( 36) और बेटे शंकर ( 12) के शव खारी नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। केदार सिंह ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि इन लोगों ने शीला रविवार को पीटा था। वह इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराना चाहती थी। पकड़े जाने के डर से ही इन लोगों ने दोनों को गला दबाकर हत्या करने के बाद शव नदी में फेंक दिए। उधर पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।
केदार सिंह का कहना है कि रविवार को शीला खेत से मिट्टी लेने गई थी। पास में अमर सिंह का खेत है। अमर सिंह ने मिट्टी खोदे जाने का विरोध किया था। इसी पर विवाद हुआ। उसकी तरफ से आए गीतम, रामकेश, राम दयाल ने उसकी पिटाई कर दी थी।
शीला ने थाना पर सूचना दी लेकिन पुलिस ने एक्शन नहीं लिया। वह अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई कराने की कह रही थी। इसी से आरोपी डरे हुए थे। वह सोमवार को बेटे शंकर के साथ नदी पार कर मंदिर जा रही थी। आरोपी पहले से वहां खड़े थे। उन्होंने दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। उसका भाई सुंदर नदी के पास ही खेतों में चारा लेने गया था। चीख सुनकर वह पहुंचा तो आरोपी उसके सामने ही दोनों को नदी में धक्का दे रहे थे। उसे देखकर भाग गए। उधर, सूचना पर एसडीएम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ खेरागढ़ ने बताया कि तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।