मैनपुरी। राजस्व वसूली को लेकर प्रशासन ने बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई शुरू की है। तहसीलदार भोगांव ने 10.46 करोड़ रुपये के बकाएदार को जेल भेज दिया है। बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान शुरू होने और जेल भेजे जाने की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
तहसीलदार अखिलेश कुमार गुप्ता ने बताया बेवर ब्लाक में कई लोगों पर राजस्व की बड़ी धनराशि बकाया चल रही है। बेवर के काजीटोला निवासी रज्जन खां पर बिक्री कर का 10.46 करोड़ का बकाया था। अदायगी नहीं किए जाने पर बकाएदार पर जेल भेज दिया गया है।
इतना ही नहीं बेवर के इशहाक और मनोज कुमार पर 90 लाख रुपया बकाया है। दौदापुर निवासी हरिश्चंद्र को 2.30 लाख रुपये के बकाए पर जेल भेजा गया है। नवीगंज के अजय कुमार उर्फ नीटू पर व्यापार कर, मार्ग कर, उपभोक्ता फोरम समेत अन्य देय का 22 लाख रुपया बकाया चल रहा है।
तहसीलदार ने बताया कि जांच के दौरान कोल्ड स्टोर के बाहर लगा इंटरलाकिंग प्लांट पत्नी के नाम पाया गया है। जल्द ही इसे भी कुर्क करने की कार्रवाई होगी। बताया कि राजस्व बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर बकाया धनराशि वसूली जारी रहेगी।