मैनपुरी। विकास भवन में नाजिर के कार्यालय में घुसकर नामजद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। नाजिर के साथ मारपीट कर सोने की चेन, घड़ी और पर्स लूट लिया। हंगामा होते देख कार्यालय में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। पीड़ित के साथ थाने पहुंचे लोगों ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी रमाकांत दुबे विकास भवन में नाजिर है। आरोप है कि गुरुवार शाम करीब चार बजे जब वह कार्यालय में सहकर्मी के साथ सरकारी काम निपटा रहे थे। तभी मोहल्ला मिश्राना निवासी नामजद आरोपी लाठी डंडा, सरिया और तमंचा लेकर कार्यालय में घुस आए।
आते ही आरोपियों ने उन पर तमंचा से फायर कर दिया। साथ आए लोगों ने मारपीट करते हुए गले में पड़ी सोने की चेन, पर्स और घड़ी लूट ली। फायर की आवाज सुनकर विकास भवन में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह नाजिर को बचाया।
वहीं आरोपी मौका देखकर वहां से भाग गए। कोतवाली पहुंचे लोगों ने कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुभाष सक्सेना, कुक्कू और सुभाष के बडे़ पुत्र के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चर्चा है कि विवाद ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर हुआ था।