मैनपुरी। खाद और बीज में होने वाली कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन कड़ा रुख अपनाए हुए है। आलम यह है कि पोस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन को लेकर सख्ती की जा रही है। इसके तहत जिले में शासन की ओर से 224 पोस मशीनें भेज दी गई हैं।
खाद और बीज की दुकानों पर कालाबाजारी को रोकने के लिए दुकानों पर पोस मशीन प्वाइंट ऑफ सेल को अनिवार्य कर दिया गया है। पहले चरण में जिले में 724 पोस मशीन आईं थी। कृषि विभाग के द्वारा 690 पोस मशीनों का वितरण कर दिया गया था। वहीं 34 मशीनें खराब होने के कारण नहीं बांटी जा सकी। इसके बाद फरवरी महीने में 224 पोस मशीनों को और भेज दिया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इन मशीनों का वितरण मार्च के दूसरे सप्ताह में करा दिया जाएगा। इसके बाद जिले की सभी खाद और बीज की दुकानों पर पोस मशीन लग जाएगी।
वर्तमान में जिले में खाद और बीज विक्रेताओं की संख्या 920 के लगभग है। इनमें से अभी भी कई दुकानदारों ने पोस मशीन को नहीं लिया है। यह दुकानदार अभी भी बना पोस मशीन के खाद और बीज को बेच रहे हैं।