बकेवर। घर में घुसकर दबंग ने किशोरी के साथ बलात्कार किया। किशोरी के परिजनों ने मौके से पकड़कर दबंग को यूपी 100 पुलिस को सौंपा। पुलिस ने दबंग पर शांतिभंग की कार्रवाई कर मामले को रफादफा करने में जुटी है। किशोरी के पिता को ही 12 घंटे तक थाने में बैठाए रखा। एसएसपी के आदेश के बाद भी सहसों थाना पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज नहीं किया।
सहसों थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 फरवरी को गांव के एक युवक ने छत के रास्ते घुसकर कमरे में सो रही 16 वर्षीय कक्षा 12 में पढ़ने वाली छात्रा के साथ उसका मुंह बांधकर बलात्कार किया। किसी तरह किशोरी के शोर मचाने पर उसके घर वालों ने आकर युवक को पकड़ लिया। यूपी 100 पुलिस की गाड़ी रात में गांव पहुंची। पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। सुबह किशोरी का पिता सहसों थाने पर पहुंचा और रेप की घटना की तहरीर पुलिस को दी। थाना पुलिस ने रिपोर्ट न लिख पिता को भी थाना पर बैठा लिया। पिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। आरोपी युवक के विरुद्ध मारपीट की एनसीआर दर्ज कर मात्र शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सहसों उपेंद्र यादव ने बताया कि मामला मारपीट का है जिसकी एनसीआर दर्ज है। उन्होंने बताया कि एसएसपी के यहां से अभी कोई कागज नहीं आया है।