मथुरा। कृष्णानगर के माधवपुरी में स्थित रोजवुड पब्लिक स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी ने स्कूल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक मामला आत्महत्या का है। हालांकि अभी तक आत्महत्या करने के पीछे कारण का पता नहीं चला है।
शहर कोतवाली में माधवपुरी स्थित रोजवुड पब्लिक स्कूल में राया के नीमगांव निवासी नेत्रपाल चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (चपरासी) हैं। रात को चौकीदार का काम भी वही करता है। नेत्रपाल अपनी पत्नी और 19 वर्षीय बेटी राधा के साथ स्कूल में बने कमरे में रहता है। शनिवार की रात को नेत्रपाल अपने परिवार के साथ कमरे में सो गया। रात दो बजे नेत्रपाल उठा और स्कूल में राउंड लगाने गया।
जब वह वापस लौटा तो उसकी बेटी राधा कमरे में नहीं थी। आसपास काफी तलाशा लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। नेत्रपाल ने जब स्कूल के एक कमरे में जाकर देखा तो वहां राधा का शव पंखे पर लगे फंदे पर लटका मिला।
नेत्रपाल ने तत्काल अपने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। लोगों ने रात को करीब तीन बजे कृष्णानगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि राधा ने आत्महत्या की है। लेकिन वजह क्या रही इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। राधा के पिता नेत्रपाल सिंह ने बताया कि राधा का पढ़ाई में मन नहीं लगा था। स्कूल की साफ सफाई में ही हाथ बटाती थी।