आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव मिलकिया में सोमवार रात चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर लाखों की नकदी और जेवर पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार सुबह जागने पर परिवारीजनों को चोरी की जानकारी हुई। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
गांव मिलकिया निवासी लाला राम लोधी सोमवार रात परिवार के सदस्यों के साथ छत पर सो रहे थे। रात को चोरों ने घर में ताले तोड़कर प्रवेश किया। कमरों में रखी अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर करीब तीन लाख की नकदी, दो लाख के जेवर चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह जब परिवारीजन छत से नीचे उतरे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही चोरों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
दूसरे घर में चोरी का प्रयास, फायरिंग भी की
लालाराम के घर में चोरी के बाद चोरों ने गांव निवासी रज्जाक के घर में भी चोरी की कोशिश की। मगर जगार होने के बाद चोर भाग निकले। इस दौरान ग्रामीणों व बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई। चोरों ने फायर करने के साथ ही पत्थर भी फेंके। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग गए थे।