मैनपुरी। खुद को भाजपा नेता बताकर आवास विकास निवासी एक व्यक्ति ने किशनी के गांव ढकरोई निवासी व्यक्ति लाखों रुपये की ठगी कर ली। शराब का ठेका दिलाने और बच्चों का केंद्रीय विद्यालय में एडमीशन का आश्वासन दिया था। धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव ढकरोई निवासी प्रदीप कठेरिया की मुलाकात जनवरी 2017 में कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास के सेक्टर एक निवासी विपिन कठेरिया से हुई थी। विपिन ने खुद को भाजपा का नेता बताते हुए शराब का ठेका दिलाने का आश्वासन दिया था। उससे कहा कि शराब के दो ठेका दिला देगा। इसके एवज में उसे एक लाख रुपये देने होंगे।
प्रदीप ने दो किस्तों मांग को पूरा कर दिया। इस बीच 15 मार्च को विपिन प्रदीप के घर आया और जरूरी काम बताकर 35 हजार रुपये ले गया। उसने कहा कि अगर अपने बच्चों का एडमीशन केंद्रीय विद्यालय गेलगांव दिबियापुर में एडमीशन कराना है तो 25 हजार की रिश्वत देनी पडे़गी। जब रुपया हो जाए तो उससे संपर्क कर ले।
दो मई को प्रदीप ने 25 हजार रुपये भी दे दिए। इसके बाद विपिन ने उसे एक पत्र दिया कहा कि इसको विद्यालय में दिखाना तो एडमीशन हो जाएगा। इस दौरान जब शराब का ठेका दिलाने की बात कही तो वह लगातार आश्वासन देता रहा।
धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद प्रदीप ने थाने में तहरीर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।