कासगंज/सहावर। भाड़े पर लेकर आए ईको वैन के चालक को बदमाशों ने तमंचे के बल पर बंधक बनाया और उससे नकदी व वैन लूट ले गए। चालक के हाथ-पैर बांधकर सड़क किनारे एक गांव के पास फेंक गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक से पूछताछ की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो जीप बरामद की है।
मामला सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नगला रते के पास का है। दिल्ली के सीलमपुर से भाड़े पर ईको वैन लेकर आए हापुड़ निवासी मोहम्मद शाह पुत्र जाकिर हुसैन के साथ लूट की वारदात हुई। वैन चालक ने बताया कि शनिवार शाम सीलमपुर में दो अज्ञात लोगों ने उनकी वैन बुक कर ली।
कासगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में जाने की बात कही। कासगंज से एक बोलेरो जीप उनकी वैन के पीछे चलने लगी। जब वह सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव नगला रते के पास पहुंचे तो बोलेरो ने ओवरटेक किया और उसमें सवार बदमाशों ने तमंचे दिखाते हुए कार रुकवा ली।
वैन चालक का आरोप है कि बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और दस हजार रुपये लूटकर वैन में डाल दिया। बदमाश ईको चालक को सहावर क्षेत्र के गांव नगला मुरली के पास फेंक गए। ग्रामीणों ने सुबह करीब पांच बजे हाथ-पैर बंधे चालक को देखा तो सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची यूपी-100 पुलिस उसे सहावर थाने ले गई। पुलिस ने घेराबंदी कर सुन्नगढ़ी के गांव नगला उजीर के पास से लूट में प्रयुक्त बोलेरो जीप बरामद कर ली, जबकि लुटेरे फरार हैं। पुलिस ने चालक से पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल के निर्देश पर सुन्नगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बरामद जीप पर लिखा है भारत सरकार
वारदात में प्रयुक्त की गई बोलेरो जीप सहावर पुलिस के कब्जे में है। इस पर भारत सरकार लिखा हुआ है। पुलिस बोलेरो स्वामी का ब्योरा जुटा रही है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि लुटेरों की कार कीचड़ में फंस गई थी। संभवत: लुटेरे लूटी गई ईको कार लेकर भाग गए।
-ईको वैन चालक की तहरीर के आधार पर सुन्नगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। जांच कराई जा रही है। चालक ने बताया कि दो अज्ञात लोगों ने भाड़े पर सीलमपुर से कार बुक की थी। कासगंज से उनकी कार का बोलेरो कार सवार पीछा करने लगे। घटना का जल्द ही खुलासा होगा।
-डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी।