करंट की चपेट में आकर आईटीआई के छात्र की मौत
आक्रोशित लोगों ने अस्पताल तिराहा पर शव रखकर जीटी रोड पर जाम लगाया
मौके पर डीएम को बुलाने की कर रहे थे मांग, बमुश्किल एसडीएम भोगांव के आश्वासन के बाद जाम खोला
अमर उजाला ब्यूरो
बेवर। गांव दौलतपुर निवासी आईटीआई के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। आनन-फानन में लोग अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल तिराहा के पास शव रखकर जीटी रोड को करीब एक घंटे तक जाम रखा।
थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी 18 वर्षीय अनूप कुमार आईटीआई का छात्र था। मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे वह खेत की ओर जा रहा था। तभी खेत में पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर वह बेहोश होकर गिर गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की व्यवस्थाओं से नाराज लोगों ने शाम करीब सात बजे अस्पताल तिराहा के पास शव रखकर जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
इस दौरान कई थानों का फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। जाम लगाए लोगों का कहना था कि अस्पताल में कोई भी व्यवस्था नहीं है। वह डीएम को मौके पर बुलाए जाने की मांग कर रहे थे। काफी समझाने बुझाने के करीब एक घंटा बाद जाम खुल सका। जाम एसडीएम भोगांव के आश्वासन पर खुला। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एंबुलेंस और चिकित्सकों से नाराजगी
छात्र की करंट से मौत के बाद एंबुलेंस सेवा और चिकित्सकों की कार्यशैली से नाराज लोगों ने जाम लगा दिया था। सभी चिकित्सकीय सेवा व एंबुलेंस सेवा से असंतुष्ट नजर आ रहे थे। वहीं कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
परेशन रहे लोग
जीटी रोड पर एक घंटे तक यातायात बंद होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसे लोगों को परेशान होना पड़ा।