एटा- कासगंज। गंजडुंडवारा की ग्राम पंचायत म्यासुर में प्रधान व सचिव ने सोलर लाइटें, व हैंडपंप लगवाने में खेल कर दिया। जांच में ग्राम पंचायत में 265200 रुपये का गोलमाल सामने आ गया। अब प्रधान व सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ग्राम पंचायत में प्रकाश व्यवस्था के लिए 18 सोलर लाइटें लगवाई गई हैं। इन लाइटों को लगवाने में वास्तविक मूल्य से अधिक के बिल लगाकर गोलमाल कर लिया गया। लाइट लगवाने में 241200 रुपये के गोलमाल का मामला सामने आ गया। इसी तरह गांव में लगाए गए तीन हैंडपंप के प्लेटफार्म नहीं बनाए गए। पाइप भी कम संख्या में लगवाए गए हैं। हैंडपंप लगवाने में 24000 रुपये के हेरफेर का मामला सामने आया है। इसके बाद जिला पंचायतराज अधिकारी ने ग्राम पंचायत प्रधान व सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनको पांच दिन में सभी साक्ष्य, दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण का जवाब न देने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रधान पहले भी जा चुके हैं जेल
कासगंज। ग्राम पंचायत में शौचालय निर्माण में धन मांगने आदि के मामले में ग्राम प्रधान दोषी पाए गए थे, जिसके चलते उनको जेल की हवा खानी पड़ी थी। इसके बाद भी ग्राम पंचायत में गड़बड़ झाला नहीं रुक पा रहा है।
बैठकें नियमानुसार न कराए जाने की भी है शिकायत
कासगंज। ग्राम पंचायत म्यासुर में ग्राम पंचायत के विकास के लिए होने वाली बैठकों को भी नियमानुसार नहीं कराया जाता। बैठकों के नाम पर मात्र खानापूर्ति ही की जाती है, जिससे ग्रामीणों को तमाम जानकारी नहीं मिल पाती।
ग्राम पंचायत में शिकायत के बाद कराई गई जांच में गोलमाल का मामला सामने आया है। प्रधान व सचिव से स्पष्टीकरण के साथ ही अभिलेख आदि मांगे गए हैं। यदि प्रधान व सचिव ने दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए तो धन बसूलने के लिए रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।
विश्वनाथ सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी