फायरिंग से क्षतिग्रस्त गाड़ी
- फोटो : amar ujala
बेवर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र बेवर के गांव गंगरवाला के ग्राम प्रधान पर नामजद लोगों ने एक समारोह में दावत खाने जाते समय हमला बोल दिया। हमले में प्रधान बाल-बाल बच गए। मगर गोलियां लगने से बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। हमलावर बाइक पर सवार थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगरवाला के ग्राम प्रधान अजेंद्र सिंह सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव नगला दुली में एक समारोह में दावत के लिए जा रहे थे। वह बोलेरो से जैसे ही गांव के रामानंद के घर के समीप पहुंचे। बाइक पर सवार होकर आए दो लोगों ने फायरिंग कर दी।
हमला करने वाले एक व्यक्ति अनुज उर्फ फुक्कड़ी को प्रधान ने पहचान लिया। वहीं दूसरा व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए था। जिस वजह से पहचान नहीं सके। हमले में चली गोलियां बोलेरो में लगने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
चीख पुकार की आवाज सुनकर गांव के लोग जमा हो गए। ग्रामीणों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। हमले के बाद थाने पहुंचे ग्राम प्रधान ने बताया कि आरोपी उसके चचेरे भाई रामवीर की हत्या कर चुके हैं। जिसमें गांव का ही दीपू उर्फ यशपाल भी शामिल है।
इस मामले में वह मृतक परिवारीजनों का सहयोग कर रहा है। जिस वजह से ही उन पर जानलेवा हमला किया गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। हमला करने वालों की तलाश की जा रही है।