मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र में नकली नोट खपाने के आरोपी पकडे़ जाने के बाद खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। जांच की जा रही है कि कहीं जिले में भी नकली नोट खपाने का काम तो नहीं किया गया है। पुलिस भी इस काम में तेजी के साथ जुट गई है।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही फिरोजाबाद पुलिस ने घिरोर क्षेत्र से तीन युवकों को इसी मामले में उठाया था। नकली करेंसी के साथ दो लोगों को जेल भेजा था। वहीं एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया था।
थाना घिरोर क्षेत्र के नई बस्ती निवासी सुमित वर्मा गुरुवार को मोहल्ले के ही रहने वाले दिव्यांग इमरान और सोहेल के साथ कार से फिरोजाबाद पेंट लाने की बात कह कर घर से निकला था। तीनों को फिरोजाबाद पुलिस ने धरदबोचा। दुकान पर रखा लैपटॉप, प्रिंटर आदि सामान भी जब्त कर लिया था।
इस दौरान सुमित पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। फिरोजाबाद पुलिस ने पकडे़ गए आरोपियों व एक अन्य को नकली नोट खपाने के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि इनके पास ने नकली नोट भी बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में इन युवकों ने बताया था कि वे नकली नोट दिल्ली में खपाते हैं।
वहीं घिरोर क्षेत्र से नकली नोट खपाने वाले आरोपियों के पकडे़ जाने की सूचना मिलने के बाद ही खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। खुफिया विभाग और पुलिस इस जांच में जुटी है कि कहीं जिले में भी तो नकली नोट नहीं खपाए गए हैं। हालांकि अभी तक इस तरह का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। पर, आरोपियों के घिरोर क्षेत्र का निवासी होने के चलते इसकी आशंका बनी हुई है।