सोनभद्र। राबर्ट्स्रगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी गांव में राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के समीप सोमवार की रात पुलिस ने ओवरलोड बालू-गिट्टी लदे ट्रकों की जांच की। चेकिंग केे दौरान पुलिस ने छह ओवरलोड ट्रकों को पकड़ कर खान विभाग को सुपुर्द कर दिया। उधर, चेकिंग की सूचना मिलने पर सड़क किनारे कई ओवरलोड ट्रकों को खड़ा कर चालक फरार हो गए।
बताते चले कि रात करीब 11 बजे मिर्जापुर रेंज के आईजी के निर्देश पर सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी और शहर कोतवाल ने गिट्टी-बालू लदे ट्रकों को रोक कर चेकिंग करना शुरू किया। इसकी जानकारी मिलते ही ओवरलोड चलने वाले चालक और मोटर मालिकों में हड़कंप मच गया। मारकुंडी घाटी में सड़क किनारे ट्रकों को खड़ा कर दर्जन भर से अधिक चालक इधर-उधर चले गए। भोर करीब चार बजे तक ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की गई। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि चेकिंग के दौरान ओवरलोड बालू-गिट्टी लदे छह ट्रकों को पकड़ कर खान विभाग से जुड़े लोगों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया। कहा कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।