पिलुआ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कैंटर में जा रही दस लाख रुपये की गैर प्रांतीय शराब बरामद की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो तमंचे, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट और 80 शराब की पेटी बरामद की है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
एएसपी संजय कुमार ने बताया कि थाना पिलुआ ने चेकिंग के दौरान सिकंदराराऊ से एटा की ओर जा रहे कैंटर को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर कैंटर सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस कर्मियों ने अपना बचाव करते हुए घेराबंदी कर कैंटर को रोक लिया और कैंटर में सवार जितेंद्र खत्री निवासी इस्माइला सेक्टर 28 रोहिणी दिल्ली, निश्चल सारस्वत निवासी तुलाई गढ़ी थाना मांट मथुरा और ब्रजेंद्र कुशवाह निवासी हरदुआ थाना चिकासी हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से कैंटर और उसमें रखी हरियाणा की 80 अंग्रेजी शराब की पेटी, दो तमंचे, दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई। बरामद शराब की कीमत तकरीबन दस लाख रुपये की है।