मथुरा। राजस्थान, आंध्र प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के जिलों में सस्ती गाड़ी बेचने का लालच देकर व्यापारियों से लूटपाट करने वाले 10 शातिर टटलुओं को गोवर्धन पुलिस ने दबोच लिया। इन सभी को रविवार की रात गांव दौसेरस में छापामारी करके पकड़ा गया है।
इनमें तीन टटलू ढाई-ढाई हजार रुपये के इनामी हैं। इनके पास से असलहा भी बरामद हुआ है। पकड़े गए शातिर टटलुओं में किसी पर एक दर्जन तो किसी पर आधा दर्जन या फिर चार-पांच मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इनमें कई शातिर टटलू करीब 15 सालों से पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहे थे।
रविवार को आधा दर्जन थानों को फोर्स गांव दौसेरस पहुंची। यहां पर पुलिस की दबिश से भगदड़ मच गई। पुलिस ने यहां से 10 शातिर टटलुओं को दबोचा। इनके कब्जे से असलहा बरामद किए। पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पकड़े गए इस्लाम, अलीजान, इस्लूप, आजाद, साहिब, साजिद, जाकर, तैय्यब, मकसूद आदि हैं। इनमें ढाई-ढाई हजार के इनामी इस्लाम, इस्लूप और जाकर हैं।
एसएसपी ने बताया कि राजस्थान के कांमा, डीग, आंध्र-प्रदेश के हैदराबाद, सिकंदराबाद, यूपी के बरसाना, शेरगढ़, गोवर्धन, कोसी एवं छाता में इनका नेटवर्क फैला हुआ है। यह सस्ती गाड़ी का लालच देकर ग्राहक बुलाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते हैं। इनके कब्जे से आठ तमंचे, नशीला पाउडर बरामद किया गया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया है।
सात और टटलुओं की तलाश में आई सिकंदराबाद पुलिस
हैदराबाद के सिकंदराबाद की पुलिस सात शातिर टटलुओं की तलाश में मथुरा पहुंची है। थाना गोवर्धन प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि इन टटलुयों के नाम अरशद, राहुल, शाहिद, हनीफ, शौकत, मम्मन एवं लाबिर है। इनमें राहुल, शौकत एवं हनीफ पर गोवर्धन पुलिस की तरफ से पांच-पांच हजार का इनाम भी है। हालांकि सिकंदराबाद पुलिस अभी तक इनके गिरेबां तक पहुंची नहीं है। लेकिन, पुलिस सूत्रों की मानें तो इनमें चार गोवर्धन पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।