मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना में शनिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की चेन तोड़ ली। भागते समय बदमाशों के चेहरे एक गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना निवासी आशा चतुर्वेदी शनिवार को बिहारी जी मंदिर में पूजा अर्चना करने गईं थीं। शाम को वह पैदल ही घर वापस लौट रहीं थी। जब वह घर के दरवाजे पर पहुंची तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन तोड़ ली।
महिला ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार एक गली से होते हुए भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश की। इस दौरान एक गली में लगे सीसीटीवी में भाग रहे बदमाशों के चेहरे कैद हो गए थे। पुलिस ने हुलिया के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।