मैनपुरी। सोशल मीडिया पर महिलाओं और युवतियों की आपत्तिजनक फोटो डालने, अश्लील टिप्पणी करने पर अब निरोधात्मक कार्रवाई होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ गैंगेस्टर से लेकर रासुका तक की कार्रवाई की जाएगी। पिछले कुछ समय से लगातार इस तरह के अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है।
आए दिन इस तरह की अश्लील टिप्पणी और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। महिला आयोग की कड़ाई के बाद इस तरह के मामलों में पुलिस को कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
देखें तो थाना बेवर क्षेत्र में एक प्रधान पुत्र ने गांव की ही महिला की आपत्तिजनक फोटो और टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है। महिला के भाई की तहरीर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है। फर्जी आईडी से ली गई सिम के प्रयोग किए जाने की बात जांच में सामने आ चुकी है। मामला अदालत में विचाराधीन है।
थाना दन्नाहर क्षेत्र में एक किशोरी का आपत्तिजनक फोटो गांव के ही एक युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल किया। किशोरी को ब्लैकमेल भी किया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो गांव के कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। मामला पुलिस की फाइल में आने से पहले ही दफन हो गया।
महिला आयोग की सदस्य अर्चना राठौर ने कहा कि महिलाओं और युवतियों का सम्मान हर हाल में सुरक्षित किया जाएगा। आपत्तिजनक टिप्पणी तथा फोटो वायरल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने इस संबंध में निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
एसपी राजेश एस कहते हैं कि महिला अपराध के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश हैं। अब निरोधात्मक कार्रवाई भी होगी। सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों तथा फोटो वायरल करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश थानाध्यक्षों को दिए गए हैं।