मैनपुरी। एसपी कार्यालय में मंगलवार को शिकायत लेकर आए युवक को पुुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। इस युवक के खिलाफ थाना बेवर में पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज है। पुलिस काफी समय से उसकी भी तलाश कर रही थी।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव गढ़िया छिनकौरा निवासी आलोक नंदन पर एक नाबालिग के साथ छेड़खानी मारपीट के मामले में पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में अभियोग पंजीकृत है। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पर, वह गिरफ्त में नहीं आ रहा था।
मंगलवार को खुद को निर्दोष बताने के लिए वह प्रार्थना-पत्र लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। जब पुलिस कप्तान ने उसकी शिकायत सुनी तो उन्हें पता चल गया कि शिकायतकर्ता की पुलिस को तलाश है। एसपी राजेश एस ने तुरंत ही पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों ने आलोक को गिरफ्तार कर थाना कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। आरोपी का कहना था कि उसने एक लड़की से शादी करने के मना कर दिया था। जिसके बाद से झूठी शिकायत करके रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वह तो सिर्फ अपना पक्ष रखने के लिए गया था। वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।