मैनपुरी/कुसमरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर और कुसमरा के गांव हुसैनपुर में दो लोगों ने खुदकुशी की है। एक युवक ने जहां फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं दूसरे ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खरगजीत नगर में किराए के मकान में रह रहे अमित कुमार मूल निवासी नगला सिद्धार्थ थाना जसरथपुर एटा का शव मंगलवार शाम को कमरे में फंदे पर लटकता मिला है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक अक्सर बीमार रहता था। वह आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था। इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मकान मालिक अतुल दुबे के मकान में किराए पर रह रहा अमित हलवाई गीरी का काम करता था।
कुसमरा में थाना किशनी के गांव हुसैनपुर निवासी युवक रामदत्त राजीव गांधी मार्र्केट में टेलर की दुकान करता था। मंगलवार को घर से निकलने के बाद उसने जहर खा लिया। दुकान पर आकर उसने पड़ोसियों को जहर खाने की बात बताई और बेहोश हो गया। दुकानदारों ने बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं रामदत्त ने खुदकुशी क्यों की इसके बारे में भी कोई जानकारी नहीं हो सकी।