मैनपुरी-बेवर। बीमारी से तंग होकर नदी में कूद कर जान देने जा रही वृद्धा को मौके पर पहुंची पुलिस ने बचा लिया। थाने पहुंची वृद्धा का कहना था कि ‘प्रान निकत्त नाएं, एक साल से जा बीमारिऊ ठीक होत नाएं।’ तंग आकर वह जान देने जा रही थी। पुलिस ने वृद्धा के पुत्र को थाने बुलाकर सौंप दिया।
थाना पुलिस गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे फर्रुखाबाद रोड पर गश्त कर रही थी। जब पुलिस काली नदी पर पहुंची तो देखा कि एक 70 वर्षीय वृद्धा नदी में कूदने जा रही थी। तुरंत ही पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगाकर वृद्धा को नदी में छलांग लगाने से रोक लिया। वृद्धा को पुलिस थाने ले गई। वहां पूछताछ करने पर उसने बताया कि एक साल से बीमार चल रही है। उपचार के बाद भी ठीक नहीं हो रही। इस वजह से वह खुदकुशी करना चाहती है। पुलिस ने वृद्धा के परिजनों को सूचना भिजवाई। कुछ देर बाद पुत्र थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसकी सुपुदर्गी में दे दिया।