आगरा एसएसपी से 38 वीं वाहिनी पीएसी, अलीगढ़ के सेनानायक पद पर स्थानांतरित किए गए आईपीएस राजेश डी. मोड़क जाते जाते एक साथ ही 11 पुलिसकर्मियों के तबादले कर गए। पुलिस सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि ये ट्रांसफर आर्डर बैकडेट में तैयार किए गए थे। इसका पता चलने पर डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने नाराजगी जाहिर की। इस पर मोड़क ने तुरंत ही सभी तबादला आदेश निरस्त कर दिए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई पुलिसकर्मी मनचाही पोस्टिंग पाने के प्रयास में लगे थे। इन्हें डर था कि अगर देरी हुई तो मुश्किल हो जाएगी क्योंकि चुनाव आचार संहिता लगने जा रही थी। इसी बीच 20 सितंबर को राजेश डी. मोड़क का तबादला आदेश आ गया। आम तौर पर ट्रांसफर के बाद अधिकारी अपने स्तर से ट्रांसफर-पोस्टिंग करने में परहेज करते हैं।
लेकिन मोड़क ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने 11 पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए। यह जानकारी डीआईजी लक्ष्मी सिंह तक पहुंची तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। एसएसपी दफ्तर के सूत्रों ने बताया कि डीआईजी की नाराजगी की बात मोड़क को पता चलते ही उन्होंने तबादला आदेश निरस्त कर दिए। पुलिस केउच्च पदस्थ सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।