मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के करहल रोड पर शुक्रवार रात तंबाकू के पांच रुपये मांगने पर युवक ने दुकानदार को सरिया से पीट कर घायल कर दिया। आरोपी युवक और उसके साथियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के करहल रोड निवासी श्याम बिहारी लाल यहीं पर अपनी किराने की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक युवक उनकी दुकान से तंबाकू लेने पहुंचा। पांच रुपये की तंबाकू लेने के बाद वह बिना रुपये दिए जाने लगा तो उन्होंने रुपये मांगे। इससे नाराज युवक उनकी दुकान में घुस गया और वहां रखी लोहे की सरिया से उन्हें पीटने लगा। इस दौरान मारपीट कर रहे युवक के साथी भी आ गए।
उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। इतने में आसपास के व्यापारी इकट्ठे हो गए और बीच बचाव कर दुकानदार को बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों में आपस में समझौता कर लेने की बात कह कर लौटा दिया।