तस्करी के लिए घर पर बना रखा था गोदाम, 564 पेटी शराब जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सीआईए रेवाड़ी ने कोसली क्षेत्र के गुड़ियानी में छापेमारी करते हुए 564 पेटी शराब बरामद की है। बताया जाता है कि जिस घर में शराब की पेटी मिली हैं, वहां से तस्करी के लिए शराब बिहार और आसपास के कुछ इलाकों में भी भेजा जाता था। शनिवार देर शाम हुई छापेमारी में समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर ही कार्रवाई में जुटी हुई थी।
सीआईए प्रभारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव गुड़ियानी गांव में विकास ठेकेदार नामक व्यक्ति घर में अवैध रूप से शराब का जखीरा रखे हुए है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को देने के साथ ही स्थानीय पुलिस को साथ लेकर दबिश की गई। दबिश के दौरान घर से अंग्रेजी शराब की 564 पेटी बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी। शुरूआती तौर पर मिली जानकारी के अनुसार बरामद शराब रॉयल स्टैग, ऑफिसर्स च्वाइस जैसे ब्रांड की हैं जिन्हें सप्लाई के लिए खासतौर पर बिहार भेजा जाता था। फिलहाल पुलिस की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस ने बरामद शराब को सील करते हुए जांच शुरू कर दी है।