विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस की चेकिंग जारी है। पुलिस बैंकों की कैश वैन तक को नहीं छोड़ रही है। सोमवार को थाना न्यू आगरा पुलिस ने चेकिंग में दो स्थानों पर कैश वैन और कार को पकड़ा। इनसे तकरीबन 1.17 करोड़ रुपये बरामद किए।
अपराह्न तकरीबन 12:30 बजे थाना न्यू आगरा और फ्लाइंग स्क्वैड ने कमला नगर में पेट्रोल पंप के पास एक वैन को रोका। वैन से एक करोड़ दो लाख रुपये कैश बरामद किया। वैन में चालक सहित तीन लोग सवार थे। वैन में सवार गौरव ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मी बताया मगर, वैन पर कहीं भी बैंक और कैश कलैक्शन कंपनी का नाम नहीं लिखा था। पुलिस वैन को थाने पर ले आई और आयकर विभाग की टीम को बुला लिया। बैंक से संबंधित दस्तावेज चेक किए गए। कर्मचारियों ने बताया कि कैश आवास विकास कालोनी से ट्रांस यमुना कालोनी स्थित शाखा में ले जा रहे हैं। कैश बैंक का होने की पुष्टि पर ही उन्हें छोड़ दिया।
अपराह्न तकरीबन डेढ़ बजे अमर विहार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक कार से 15 लाख रुपये बरामद किए। चालक उपेंद्र और एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि वह कैश भारतीय स्टेट बैंक की दयालबाग स्थित शाखा में लेकर जा रहे हैं। कैश बैंक का बताया। उनसे दस्तावेज चेक करने के बाद ही जाने दिया गया।