22एमएनपी-09-ईसन नदी पुल से चोरी में पकड़ी गई महिला को ले जाती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। पति के साथ बुधवार को दिल्ली जा रही एक महिला का पर्स बस में चढ़ने के दौरान किसी ने चोरी कर लिया। बस में मौजूद एक युवक ने महिला चोर को रंगेहाथ पकड़ने के बाद शोर मचा दिया। आरोपी महिला के कब्जे से पर्स बरामद कर लिया गया।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव वानीपुर निवासी भानू प्रताप दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। बुधवार को वह पत्नी रूबी और बच्चों को साथ लेकर दिल्ली जा रहा था। बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे जब वह परिवार के साथ ईशन नदी पुल पर पहुंचा, तभी रोडवेज बस वहां आकर रुकी। वह पत्नी बच्चों के साथ बस पर चढ़ने लगा। इस बीच वहां मौजूद तीन चार महिलाओं में एक ने रूबी के पर्स के अंदर रखा छोटा पर्स निकाल लिया। सभी बस में बैठे ही थे, तभी बस में सवार एक युवक ने भानू को बताया कि बस से उतर रही एक महिला ने उनकी पत्नी के पर्स से छोटा पर्स निकाल लिया है। इसके बाद भानू व युवक ने महिला को पकड़ लिया। आरोपी महिला के साथ मौजूद दो अन्य महिलाएं भाग गईं। आरोपी महिला के कब्जे से रूबी का बटुआ बरामद हो गया। इसमें सोने चांदी के जेवर रखे हुए थे। शराब के नशे में धुत आरोपी महिला को कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।