कासगंज में अंतर्राजीय वाहन चोर की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते सुशील घुले
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पिछले दिनों गंजडुंडवारा पुलिस की अभिरक्षा से भागे अंतर्राज्यीय वाहन चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसका साथी भाग गया। आरोपी के कब्जे से दो बाइक और एक तमंचा बरामद हुआ है। उस पर दिल्ली, हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पटियाली के मोहल्ला मिश्राना निवासी निर्दोष पुत्र रामौतार को 23 जुलाई को गंजडुंडवारा पुलिस ने गिरफ्तार किया। वाहन चोर पुलिस की गिरफ्त से भाग गया था। एसपी ने संतरी पर मुकदमा कराया और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कीं, साथ ही 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
रविवार सुबह गंजडुंडवारा पुलिस को सूचना मिली कि एटा रोड नहर की पुलिया पर आरोपी निर्दोष और उसका एक साथी वाहन चोरी की योजना बना रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, निरीक्षक अपराध रामकुंवर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी सोनू यादव भगा गया। निर्दोष से एक और चोरी की बाइक बरामद हुई है। एसपी सुशील घुले और एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया।
गैंगस्टर की होगी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में फर्रुखाबाद जिले में गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। अब कासगंज पुलिस भी अंतर्राज्यीय वाहन चोर के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई शुरू कर रही है।
- गिरफ्तार अपराधी अंतर्राज्यीय वाहन चोर है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा के भिवाड़ी जिले की पुलिस से आरोपी का इतिहास मंगाया है।
- सुशील घुले, एसपी।