जलेसर (एटा)। थाना जलेसर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी के अश्लील फोटो खींचकर आरोपी युवक उसे ब्लैकमेल कर नवंबर 2018 से दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान गर्भवती होने पर आरोपी ने गर्भ गिराने की दवा खिलाई को किशोरी की हालत बिगड़ गई। इलाज के लिए ले जाने पर चिकित्सकों ने बताया कि वह पांच माह के गर्भ से है। इस पर किशोरी ने परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। किशोरी के पिता ने जलेसर थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म और प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
जलेसर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी की चार दिन पहले तबियत खराब हो गई। वह बार-बार पेट में दर्द होने की बात कह रही थी। इस पर पिता ने चिकित्सक को दिखाया तो उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। इस पर पिता ने किशोरी का अल्ट्रासाउंड कराया। अल्ट्रासाउंड देखकर चिकित्सक ने बताया कि किशोरी पांच माह की गर्भवती है। इस पर किशोरी ने बताया कि विगत नवंबर माह में वह चारा लेने गई थी। तभी मोहल्ले के युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। गर्भवती होने पर उसने दवा खिला दी। वह लगातार दवा खिलाता रहा लेकिन गर्भ नहीं गिरा और उसकी हालत बिगड़ने लगी। किशोरी के पिता ने बताया कि इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि बेटी की बच्चेदानी में इंफेक्शन हो गया है। पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर कोतवाली जलेसर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एमएस भाटी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।