22एमएनपी-18-दन्नाहार थाने में पुलिस की हिरासत में नटवरलाल
- फोटो : MAINPURI
दन्नाहार (मैनपुरी)। बेरोजगार युवाओं को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाला नटवर लाल बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।
थाना घिरोर क्षेत्र के गांव नगला केसराय निवासी संजीव कुमार सोमवार को एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला साबा निवासी उमेश चंद्र के साथ ढाबा पर नौकरी को लेकर बात कर रहा था। तभी वहां आए करहल क्षेत्र के गांव नगला करिया निवासी आकाश और सनवीर निवासी गांव धोबई ने उमेश को आकर पकड़ लिया था। युवकों के अनुसार उमेश एक शातिर ठग है और उनसे नौकरी के नाम पर 1.65 -1.65 ठग चुका था। वहीं फर्जी ज्वाइनिंग लैटर भी थमा दिए गए थे।
वहां संजीव ने भी नौकरी के नाम पर ठगी किए जाने का आरोप लगाया था। वहीं पूछताछ में रेलवे में नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों के गैंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। बुधवार को इंस्पेक्टर बेगराम ने ठग को जेल भेजा। उनका कहना है कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के सदस्यों के बारे में अहम जानकारियां मिलीं हैं। पुलिस उनके बारे में भी पता लगा रही है। जल्द ही गैंग के अन्य सदस्यों के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।
जिले में भी है नेटवर्क और साथी
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि जेल भेजे गए नटवर लाल का नेटवर्क जनपद में भी है। वहीं उसके कई साथी भी यहां सक्रिय हैं, जो कि बेरोजगार युवाओं के बारे में जानकारी देते हैं और फिर वह लोग नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी करते हैं।