बिछवां। गांव सुल्तानगंज निवासी जशोदा देवी की हत्या चोरी का विरोध करने को लेकर तो नहीं की गई। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। महिला के नाती के अनुसार एक कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ था। पासबुक भी फाड़ कर फेंकी गई थी। दादी के कान के कुंडल भी गायब हैं। एसपी की ओर से सभी तथ्यों पर गंभीरता से जांच किए जाने की बात कही गई है।
जशोदा देवी शादी समारोह आदि कार्यक्रम में पूड़ी बेलने आदि का काम करती थीं। ग्रामीणों के अनुसार न उनके पास जमीन जायदाद भी नहीं थी। संभवत: उनके पास कोई खास जमा पूंजी भी नहीं थी। ऐसे में 80 वर्षीय वृद्धा की हत्या के पीछे मकसद को लेकर पुलिस व परिजन भी हैरान हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के नाती पवन का कहना है कि दादी की नाक की नथनी व कान के कुंडल गायब थे। वहीं कमरे में रखा एक बक्सा भी खुला पड़ा था। घर में पासबुक भी फटी हुई पड़ी थी।
हत्या करने वालों का मकसद घर में चोरी करना भी हो सकता है। विरोध करने पर दादी की हत्या की गई होगी। बताया कि आरोपी पप्पू और सुभाष शराब पीने के आदी हैं। वह लोग कुछ रुपयों के लिए भी वारदात अंजाम दे सकते हैं। वहीं उक्त आरोपों को लेकर एसपी अजय कुमार का कहना है कि पुलिस सभी तथ्यों पर गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के साथ ही यह गुत्थी भी सुलझ जाएगी।
छत पर सो रही थीं जशोदा देवी
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी भतीजे रात को छत पर टहलते देखे गए थे। वहीं जशोदा भी छत पर सो रही थीं, लेकिन शव रविवार की सुबह नीचे घर के बरामदे में मिला। वृद्धा रात को नीचे क्यों आईं। या हत्या करने वाले उन्हें जबरदस्ती नीचे लाए। इन सभी सवालों के जवाब भी पुलिस तलाश रही है।