करहल (मैनपुरी)। गांव तालिबपुर में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की गई। कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं 15 नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना पुलिस को बृहस्पतिवार की देर शाम सूचना मिली थी कि गांव तालिबपुर में कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। इस पर एसआई अंकित सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। गांव पहुंचने के बाद हंगामा कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन हंगामा कर रहे लोगों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों से हाथापाई किए जाने के साथ ही अभद्रता की गई। पुलिस पर हमले की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया। पुलिस बल को आता देख हमलावर वहां से भागने लगे। पुलिस ने मौके से दो हमलावर विमल और शैलेश को गिरफ्तार कर लिया। उक्त घटना के बाद एसआई की ओर से 15 नामजद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला, महामारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
- दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। - देवेंद्रनाथ मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक करहल।