मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव रानीपुर हरेर में नामजद लोगों ने माइनर की पटरी काटकर अपने खेत में मिला ली। शिकायत पर ग्राम प्रधान सोमवार को नहर विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान नामजद लोगों ने टीम के साथ अभद्रता की। प्रधान व उसके भाई के साथ मारपीट की। घटना की तहरीर कुर्रा पुलिस को दी है।
करहल तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रानीपुर हरेर निवासी दो लोगों ने गांव से निकलने वाली माइनर की पटरी काटकर अपने खेतों में मिला ली। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने प्रधान को दी। जिस पर ग्राम प्रधान सिद्धनाथ पांडेय ने मामले की जानकारी नहर विभाग के अधिकारियों को दी। सोमवार को नहर विभाग के सींच पर्यवेक्षक आजम सिंह, सींचपाल अरुण कुमार, विपिन कुमार के साथ गांव पहुंचे। जहां उन्होंने नाप जोख में पटरी कटी हुई पाई।
आरोपियों से सवाल जवाब किए जाने पर वह भड़क गए। आरोप है कि इस दौरान नामजद लोगों ने प्रधान सिद्धनाथ पांडेय व उनके दिव्यांग भाई गोकरनाथ पांडेय पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। कर्मचारियों के साथ ही धक्का मुक्की की गई। ग्रामीणों को आता देख उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की तहरीर नगर विभाग के सींच पर्यवेक्षक अजय सिंह, सींचपाल अरुण कुमार ने सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा प्रधान ने कुर्रा थाने में दी है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही।