आलीपुर खेड़ा (मैनपुरी)। गैर संप्रदाय के युवक द्वारा एक युवती को साथ ले जाने की घटना के बाद कस्बा में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया और आरोपी को जेल भेजा। शनिवार को लड़की पक्ष के लोग युवक के घर पहुंच गए तो माहौल फिर से बिगड़ गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
थाना भोगांव के कस्बा आलीपुर खेड़ा क्षेत्र निवासी एक गैर समुदाय का युवक 26 जून की रात थाना क्षेत्र निवासी एक युवती को लेकर चला गया था। उक्त घटना के बाद कस्बा में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार की शाम पुलिस ने युवती और युवक को पकड़ लिया। दोनों को थाने लाया गया, वहां से युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया। वहीं आरोपी युवक शकील को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लड़की के गांव के कई लोग लड़के घर पहुंच गए। इससे इलाके में दहशत का माहौल बन गई। सूचना मिलते ही एसडीएम सुधीर कुमार, सीओ प्रयांक जैन बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को सामान्य किए जाने के साथ ही सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। गलियों में पैदल मार्च भी निकाला गया।
युवक और युवती को पकड़ने के साथ ही आरोपी को जेल भेजा गया है। युवती का मेडिकल कराया गया है। एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर निगरानी रखे हुए है।
प्रयांक जैन, सीओ