कासगंज। तीर्थ नगरी सोरों के प्रेमी युगल की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन के बाद सुलझ गई है। प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर आत्महत्या नहीं की बल्कि उनकी मारपीट करके गला दबाकर हत्या की गई है। युवक के पिता ने युवती के पिता व तीन अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी फरार हैं। एसपी सुशील घुले ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कोतवाली पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
तीन दिन पूर्व तीर्थनगरी सोरों में भागीरथ की गुफा के समीप एक खेत में प्रेमी युगल का शव पड़ा मिला। शव के पास से सल्फास के खाली पाउच मिले थे। ऐसी स्थिति को देखकर प्रेमी युगल के आत्महत्या कर लेने की बात सामने आई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने प्रेमी युगल की आत्महत्या और हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला तरमीम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रेमी युगल की हत्या का कारण गला दबाकर हत्या करने का आया है। इसके अलावा युवक युवती के शरीर पर अन्य गंभीर चोटें भी पाई गईं। दोनों के शरीर में कोई जहर नहीं पाया गया।
हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए हत्यारों ने न केवल मौके पर सल्फास के पाउच डाल दिए बल्कि मृतक युवक की पेंट में भी सल्फास का एक पाउच अलग से रख दिया। जिससे लोग दोनों की मौत का कारण आत्महत्या ही माने।
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत सोरों कोतवाली पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
े