प्रसूता की मौत के बाद अपंजीकृत क्लीनिक सील, एक अन्य को नोटिस
-सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
घिरोर। कस्बा में अपंजीकृत क्लीनिक पर प्रसूता की मौत की खबर पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम व एसडीएम ने छापा मारा। इस दौरान क्लीनिक पर ताला लटकता मिला। अधिकारियों ने क्लीनिक को सील करते हुए संचालक को नोटिस जारी किया है। वहीं एक अन्य क्लीनिक पर संचालक पंजीकरण अभिलेख नहीं दिखा सका तो उसे नोटिस जारी किया गया।
कस्बा में अवैध रूप से संचालित कृष्णा हॉस्पिटल में कोसमा मुसलमीन निवासी नगमा पत्नी नियामुद्दीन की प्रसव के बाद मौत हो गई थी। परिजनों ने हॉस्पिटल संचालक पर खून की कमी के बाद भी जबरन प्रसव कराने का आरोप लगाया था। गुरुवार को जानकारी के बाद सीएमओ एके पांडेय के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ राघवेंद्र सिंह, एसडीएम रामसकल मौर्य व एसएचओ घिरोर देवेंद्र नाथ मिश्रा ने कृष्णा हॉस्पिटल पर छापा मारा। इस दौरान यहां ताला लटकता मिला। अधिकारियों ने अपने सामने ही इस क्लीनिक को सील कर दिया। इसी हॉस्पिटल के पीछे चलने वाले श्रीराम हॉस्पिटल पर जब टीम पहुंची, तो संचालक कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। यहां के संचालक को नोटिस जारी किया गया कि तीन दिन के अंदर अपने पंजीकरण के अभिलेख सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराएं।