कासगंज। सिढ़पुरा कस्बे में धोखाधड़ी और जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक कमेटी संचालक कपड़ा व्यापारियों के डेढ़ करोड़ रुपये हड़पकर फरार हो गया है। पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मूलचंद, सोनू, अरविंद, गौरव सहित तमाम व्यापारियों ने व्यापारी नेता विशाल गुप्ता के साथ सोमवार को थाना सिढ़पुरा पुलिस को तहरीर दी। पुलिस को बताया कि मोहल्ला सुदामानगर मे रहने वाला राकेश कुमार कस्बे में थोक कपड़े और कमेटी का कारोबार करता था। कस्बे के अधिकांश व्यापारियों ने उस पर भरोसा जताया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये कमेटी के रूप में निवेश किए। पिछले कई दिनों से राकेश कुमार व्यापारियों के डेढ़ करोेड़ रुपये लेकर हड़पकर भाग गया है। इससे व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर व्यापारियों द्वारा निवेश की गई धनराशि दिलाई जाए।
- 65 व्यापारियों के रुपये लेकर भागा है कमेटी संचालक।
- 15 दिन से कस्बा छोड़कर चल रहा है फरार।
- 1.5 करोड़ रुपये हड़पने का लगाया गया है आरोप।
- कस्बे के कुछ लोगों ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं। कमेटी का मामला है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। राजकुमार, थानाप्रभारी, सिढ़पुरा।