पटियाली (कासगंज)। क्षेत्र में हेयर ड्रेसर्स से नेग की रकम को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद बारात जाने से पहले दूल्हेे को हवालात की हवा खानी पड़ गई। दोनों पक्षों में समझौते के बाद ही बारात अपने गंतव्य को रवाना हो सकी।
हमीर सिंह (23) पुत्र रामनरेश निवासी नगला बोडार की रविवार को शमशाबाद बारात जा रही थी। बारात में जाने से पहले हमीर सिंह अपने अपने बड़े भाई अवनीश व बहनोई पप्पू के साथ पटियाली के बाजार नरदोली अड्डा स्थित सुधीर हेयर सैलून पर सेविंग कटिंग कराने पहुंचा। हाथ में कंगना बंधा व शरीर पर हल्दी लगी देखकर सुधीर समझ गया कि यह दूल्हा है। सुधीर ने कटिंग सेविंग के साथ मेकअप आदि कर दिया। जब दूल्हे ने रुपये पूछे तो उसने 11 सौ रुपये की मांग की, लेकिन हमीर सिंह ने उसे 251 रुपये दिए। इस बात पर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर सुधीर ने अपने भाइयों के साथ मिलकर दूल्हे व उसके भाई आदि की मारपीट कर दी। मामले की सूचना मिलने पर हमीर के गांव के लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद हेयर सैलून संचालक की मारपीट कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्ष रास्ते में लड़ते झगड़ते कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बिठा लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में सुलह की प्रक्रिया हुई। सुलह समझौता के बाद ही पुलिस ने दोनों पक्षों को रिहा किया। इसके बाद दूल्हा अपनी बारात लेकर जा सका। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह हो गया है। जिससे पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।