टूंडला(फिरोजाबाद)। बृहस्पतिवार शाम घर से खेतों पर गए लापता युवक का शव 24 घंटे बाद यमुना से बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने यमुना में जाल डालकर शव को बाहर निकाला। थाना पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। थाना नगला सिंघी के गांव नगला केशो कुर्रा निवासी गंगा सिंह (34) पुत्र स्वर्गीय बाबूराम गांव में ही मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। एक वर्ष पूर्व उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। वह अपने छह साल के बेटे मलखान के साथ रह रहा था। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे वह घर से खेतों की ओर जाने की कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं आया।
परिजनों ने सुबह उसकी तलाश की तो कपड़े यमुना किनारे स्थित बाजरे के खेत के समीप रखे मिले। जिस पर ग्रामीणों को शक हुआ। ग्रामीणों ने यमुना में शव की तलाश शुरू कर दी और जाल डालकर घंटों की मशक्कत के बाद शव को किसी तरह से बाहर निकाला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों का कहना है कि यमुना में नहाने के दौरान गंगा सिंह की डूबने से मौत हुई है।
गृह क्लेश में महिला ने यमुना में लगाई छलांग
टूंडला। थाना नगला सिंघी क्षेत्र की एक महिला ने गृह क्लेश से तंग आकर यमुना में छलांग लगा दी। महिला की तलाश में ग्रामीण व पुलिस जुटी हुई है।
यमुना तलहटी के गांव ग्वारई निवासी 45 वर्षीय सरोज देवी पत्नी जयवीर सिंह का शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया था। आक्रोश में महिला ने यमुना में छलांग लगा दी। परिजनों को इसकी जानकारी तब हुई जब उसकी साड़ी यमुना किनारे रखी हुई मिली। मौके पर पहुंची नगला सिंघी पुलिस गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश कर रही है।