नयागांव क्षेत्र के गांव दादूआसपुर में घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट करते फॉरेंसिक टीम के अधिकारी।
- फोटो : ETAH
एटा। नयागांव थाना क्षेत्र के गांव दादूपुर और लाड़मपुर कटारा के रास्ते में लटके मिले प्रेमी सत्यप्रकाश और प्रेमिका पूजा की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। रविवार को आई स्टेट मेडिको लीगल सेल की टीम ने घटना स्थल पर सीन रीक्रिएट किया। इसके बाद टीम ने अभी तक कोई रिपोर्ट पुलिस को नहीं सौंपी लेकिन पुलिस ने यह मान लिया कि प्रेमी प्रेमिका ने आत्महत्या ही की थी। पुलिस के पीआरओ सेल पर बिना किसी रिपोर्ट मिले ही यह निष्कर्ष निकाल दिया कि यह हत्या नहीं आत्महत्या है।
रविवार को लखनऊ से आई फोरेंसिक टीम (स्टेट मेडिको लीगल सेल) में ज्वाइंट डायरेक्टर डा. गयासुद्दीन सिद्दीकी, डा. अंबरीश कौशल व डा. अनुरमा सिंह रहे। उन्होंने घटना स्थल पर पहुंच कर सबसे पहले वहां का मुआयना किया। इसके बाद पेड़ की टहनी पर रस्सी डालकर उस पर दो लोग उसी तरह से लटके जैसे घटना के दिन दोनों के शव लटके मिले थे। स्थानीय पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटोज के आधार पर सीन रीक्रिएट किया। इसमें उन्होंने पाया कि पेड़ पर चढ़कर यह रस्सी या दुपट्टा नहीं डाला गया। इसे नीचे से ही किसी तरह फंसाया गया था। जिस टहनी पर शव लटके थे उसे भी कमजोर पाया गया। इसके चलते ही दोनों के पैर जमीन से छू रहे थे।
टीम के सदस्यों ने अभी कुछ स्पष्ट करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हम साक्ष्य जुटा रहे हैं। मामले की रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी को सौंपी जाएगी। इसके बाद देर शाम एटा पुलिस के पीआरओ सेल पर एक मैसेज डाला जाता है जिसमें कहा गया कि टीम के सदस्य इस निष्कर्ष पर पहुंचे की दोनों मृतकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या की गई थी। इस निष्कर्ष के आधार पर ही विवेचना में उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जबकि रविवार को टीम के द्वारा कोई स्पष्ट रिपोर्ट पुलिस को दी ही नहीं गई थी। अब सवाल यह है कि पुलिस किस आधार पर निष्कर्ष पर पहुंच गई।
घटना पूरी तरह से विश्लेषण किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो हैंगिंग कर रही है, लेकिन घटना स्थल और लटके शव देखकर कुछ भी स्पष्ट नहीं है। हमने साक्ष्य जुटा लिए हैं। इसे पूरी तरह से समझ कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।
- गयासुद्दीन सिद्दीकी, ज्वाइंट डायरेक्टर, फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम, लखनऊ
टीम को भी प्रथम दृष्टया आत्महत्या ही प्रतीत हुई है। अभी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। चार पांच दिन में रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। - स्वप्निल ममगाई, एसएसपी, एटा