घिरोर (मैनपुरी)। थानाक्षेत्र के अंतर्गत सोमवार सुबह जसराना रोड पर नगला फत्ते के पास कार और मैक्स की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं आठ लोग घायल हो गए। कार सवार हाथरस से घिरोर क्षेत्र के गांव नगला भगिया में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में मैच खेलने जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जसराना रोड पर नगला फत्ते के पास ईको कार और मैक्स की भिड़ंत हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पहलवान सिंह व उप निरीक्षक ओमवीर सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घिरोर भिजवाया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान विष्णु निवासी नई बस्ती हाथरस जंक्शन की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घिरोर निवासी रोहित की बहन की शादी संदीप निवासी हाथरस के साथ हुई है। रविवार को रोहित और संदीप कार लेकर खिलाड़ियों को लेने के लिए घिरोर से गए थे। सोमवार को नगला भगिया में हो रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में हाथरस की टीम का दूसरा मैच था। हादसे में कार सवार महेश, आशीष कुमार, नवी हुसैन, सुनील कुमार, राहुल, संदीप, गौरव निवासीगण नई बस्ती हाथरस जंक्शन तथा रोहित निवासी घिरोर घायल हो गए।