धोरउ गोशाला में गोवंश को चारा खिलाते मंडलायुक्त शैलेन्द्र सिंह
आगरा। गोशाला पर तीसरी आंख से नजर रखी जाएगी। गोशाला में लगे कैमरे अधिशासी अधिकारी के मोबाइल से जुड़ेंगे जिससे वह मोबाइल के जरिए गोशाला की स्थिति देख सकें। केयर टेकर से भी वीडियो कॉल कर स्थिति जानी जाएगी। सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व ने निर्देश जारी किए हैं।
एडीएम शुंभागी शुक्ला ने बताया कि गोशाला में ठंडी हवा रोकने के लिए पर्दे लगेंगे। भूसे व हरे चारे की व्यवस्था रहेगी। पेयजल, सफाई व अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने सभी नगर पंचायत व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात में गोशाला में अलाव जला हुआ नहीं छोड़ें। इससे दुर्घटना हो सकती है। सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन्हें अधिकारी के मोबाइल के अलावा सेंट्रल कैमरा सिस्टम से जोड़ा जाए। इस संबंध में अधिकारी डिवाइस की व्यवस्था करें।
सीवीओ नियमित भ्रमण कर परखें व्यवस्थाएं- मंडलायुक्त
- मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को एत्मादपुर स्थित धौरऊ में गोशाला का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और जिलाधिकारी अरविंद बंगारी साथ थे। गोशाला में मंडलायुक्त को सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलीं। सफाई, पेयजल, भूसा उपलब्ध था। मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) डॉ.डीके पांडेय को नियमित गोशालाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाएं परखने के निर्देश दिए हैं।