आगरा के फतेहपुरी सीकरी क्षेत्र में जयपुर हाईवे पर बुधवार को पुलिस और एसओजी ने गोवंश से भरे दो कंटेनर पकड़े। पीछा करने के दौरान पशु तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग भी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को पकड़ लिया जबकि चार भाग निकले। कंटेनरों से पुलिस ने 54 गोवंश बरामद किए हैं।
सीकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम एसओजी के साथ जयपुर हाईवे पर मंगलवार की रात चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने दो कंटनरों को रोकने का प्रयास किया। इस पर चालक कंटेनर की गति बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस ने वाहनों का पीछा करते हुए कौरई टोल प्लाजा के आगे उन्हें रोका।
कंटेनर रुकते ही शुरू की फायरिंग
कंटेनर रुकते ही उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए ये लोग खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पीछा किया। इस दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया। जबकि चार लोग भाग निकले। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद हारून निवासी टाइन, नूह, हरियाणा बताया।