कासगंज। मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलट की गणना कराने एवं मतगणना में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग पटियाली विधानसभा क्षेत्र की सपा प्रत्याशी नादिरा सुल्तान व अन्य सपाइयों ने की हैं। इस संबंध में चार सूत्रीय ज्ञापन जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा गया है।
सपा प्रत्याशी ने कहा कि सबसे पहले पोस्टल बैलट की गणना की जाए, इसके बाद ही ईवीएम के मतों की गणना की जाए। वहीं हर विधान सभा क्षेत्र में 5 ईवीएम के मतों का मिलान वीवी पैट की पर्चियों से किया जाए। उन्होंने कहा कि गणना एजेंट चुनाव आयोग के द्वारा बनाये गये नियमों के आधार पर ही बनाए जाएं। मतगणना को पारदर्शी बनाया जाए। इससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा जनता का विश्वास लोकतंत्र में बढ़ेगा। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी, प्रांजल यादव एवं खलील खान मौजूद रहे।