महापौर नवीन जैन ने मुख्यमंत्री योगी से की अपील
- फोटो : अमर उजाला
'मेरा आगरा संकट में है। आगरा को बचाने के लिए कड़े निर्णय लेने की जरूरत है। आपसे हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि मेरे आगरा को बचा लीजिए, बचा लीजिए...ये मजमून महापौर नवीन जैन के उस पत्र का है, जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 21 अप्रैल को लिखा। यह पत्र शनिवार को वायरल हो गया।
कोरोना वायरस से जूझ रही ताजनगरी में दूध-सब्जी समेत चिकित्सा सुविधाओं की दिक्कतों के कारण लोगों की परेशानी पर महापौर नवीन जैन ने यह मार्मिक पत्र लिखा। महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री व आगरा जिला प्रभारी दिनेश शर्मा से स्पष्ट कहा है कि कोरोना संक्रमण को रोकने में स्थानीय प्रशासन नाकाम साबित हुआ है।
उन्होंने लिखा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा हॉटस्पॉट क्षेत्र में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में कई दिनों तक जांच नहीं हो पा रही है, ना ही वहां मरीजों के लिए भोजन एवं पानी का उचित प्रबंधन किया जा रहा है। सरकारी अस्पताल में कोरोना मरीजों को छोड़ अन्य मरीजों को नहीं देखा जा रहा है, स्थिति विस्फोटक हो चुकी है।